Advertisements
Spread the love

वार्ड संख्या 7 में चुनावी संग्राम तेज, प्रह्लाद प्रधान ने नामांकन के साथ दिखाई मजबूत दावेदारी

Advertisements

गाम्हरिया संवाददाता- जगबंधु महतो

आदित्यपुर नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 7 में चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। मंगलवार को प्रह्लाद प्रधान ने वार्ड 7 से नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी रण में औपचारिक एंट्री कर ली। नामांकन के दौरान क्षेत्र में भारी उत्साह देखने को मिला, वहीं समर्थकों की बड़ी मौजूदगी ने उनकी मजबूत दावेदारी का संकेत दिया।
नामांकन प्रक्रिया के समय सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष सिंटू गोराई सहित गुरुपदो सरदार, मास नायक, विक्की शर्मा, मिटकू महतो, तारक नाथ गोराई, राहुल गोराई, प्रकाश गोराई, बंटी पाटी, सोमनाथ महाकुड, शैलेश मंडल, राजा हेंब्रम, टीपू नायक, गौतम नायक, अमित यादव, बाबलू महतो, विक्की पांडेय, राहुल महतो, सुभोद महतो, राजेन साहू, हराधन, गणेश मंडल, बुड्डे और दिलखुश समेत वार्ड के बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों ने खुलकर समर्थन का ऐलान किया।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में प्रह्लाद प्रधान ने स्पष्ट कहा कि उनका चुनावी संघर्ष किसी पद की लालसा नहीं, बल्कि वार्ड 7 की बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, जर्जर सड़कों का निर्माण, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, स्ट्रीट लाइट की नियमित व्यवस्था, शिक्षा सुविधाओं का विस्तार तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि वार्ड की जनता वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रही है और इन समस्याओं का समाधान तभी संभव है जब जनप्रतिनिधि जनता के बीच रहकर सक्रिय भूमिका निभाएं। जनता का समर्थन मिलने पर वे वार्ड कार्यालय को “जनता का कार्यालय” बनाएंगे और हर समस्या पर त्वरित व पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
समर्थकों का कहना है कि प्रह्लाद प्रधान जमीनी स्तर से जुड़े नेता हैं, जो आमजन की समस्याओं को न केवल समझते हैं बल्कि उनके समाधान के लिए लगातार संघर्ष करते रहे हैं। उनके नामांकन के साथ ही वार्ड संख्या 7 में चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में अन्य प्रत्याशियों के नामांकन से चुनावी माहौल और गर्माएगा, लेकिन प्रह्लाद प्रधान की मजबूत शुरुआत ने वार्ड 7 की राजनीति में नई हलचल जरूर पैदा कर दी है।

You missed