Advertisements
Spread the love

तीन साल तक पुलिस को देता रहा चकमा, वैशाली से दबोचा गया ईश्वर लाल ज्वेलर्स लूटकांड का फरार आरोपी

 

 

रिर्पोटर : जगबंधु महतो

 

 

आदित्यपुर के 30 लाख के सोना लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, एसपी की दोटूक—पुराने मामलों के वांटेड भी नहीं बचेंगे

 

 

 

आदित्यपुर : करीब तीन साल पहले आदित्यपुर के चर्चित ईश्वर लाल ज्वेलर्स लूटकांड में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने बिहार के वैशाली जिले से गिरफ्तार कर लिया है। लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे आरोपी की गिरफ्तारी को सरायकेला-खरसावां पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। एसपी मनोज स्वर्गायारि ने स्पष्ट किया है कि पुराने आपराधिक मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

 

मंगलवार को आदित्यपुर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर निवासी सुरेश राय उर्फ नायडू यादव उर्फ सुरेश उर्फ लेदु (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर उसे गिरफ्तार किया।

 

दिनदहाड़े 545 ग्राम सोने की हुई थी लूट

 

घटना 6 अगस्त 2023 की है। उस दिन सुबह करीब 10:30 बजे आदित्यपुर के लाल बिल्डिंग स्थित ईश्वर लाल ज्वेलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 545 ग्राम सोना लूट लिया था। लूटे गए सोने की कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई थी। मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 243/2023 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

 

इस मामले में पुलिस पहले ही रूपेश झा उर्फ गोलू झा, अनुज कुमार झा, आशीष कुमार सिंह और पिंटू कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि, सुरेश राय लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा। पुलिस के अनुसार, वह पटना, मुंबई और दिल्ली में छिपकर रह रहा था। पिछले चार से पांच महीनों से पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

 

आपराधिक इतिहास भी रहा है

 

एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने वैशाली जिले के कंचनपुर में छापेमारी कर आरोपी को दबोचा। टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, पुअनि असलम अंसारी, सपुअनि धर्मराज कुमार और आरक्षी दीपक कुमार दास शामिल थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में अवैध शराब, मारपीट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। पूछताछ में उसने इस लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

 

एसपी ने कहा कि जिले में लंबित आपराधिक मामलों की समीक्षा कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस का लक्ष्य पुराने मामलों को भी तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाना है।

You missed