
पैसे मांगने पर शराब दुकान में फायरिंग, कर्मचारी बाल-बाल बचे

Arjun Kumar Pramanik….✍️
अनगड़ा (राँची) । क्षेत्र के गेतलसूद स्थित कंपोजिट शराब दुकान में मंगलवार रात करीब 9:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ हथियारबंद युवकों ने अचानक दुकान के अंदर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया, जबकि दुकान के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक दुकान पर पहुंचे। उन्होंने एक फुल बोतल शराब की मांग की। जब सेल्समैन ने उनसे भुगतान करने को कहा, तो वे भड़क उठे और बहस करने लगे। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और आरोपियों ने काउंटर की ओर निशाना साधते हुए तीन राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान दुकान में मौजूद सेल्समैन राजू कुमार साहू, भोला राम चंद्रवंशी और विनोद चौधरी किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपियों ने फोन कर इस घटना की जिम्मेदारी भी ली। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

