
किसानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद, लिफ्ट सिंचाई योजना की स्वीकृति पर जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने जताया आभार
रिर्पोटर : जगबंधु महतो
मुख्यमंत्री को सौंपे गए 10 सूत्री मांगपत्र में शामिल थी सिंचाई योजना; ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को बताया विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू और नीमडीह प्रखंड के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। चांडिल जलाशय से सिंचाई के लिए मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना को झारखंड सरकार की कैबिनेट से स्वीकृति मिलने पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया है। उन्होंने इसे क्षेत्र के किसानों और कृषि विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मधुश्री महतो ने कहा कि कुकड़ू प्रखंड जिले के पिछड़े क्षेत्रों में शामिल है, जहां स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता है। सिंचाई की बेहतर व्यवस्था होने से किसानों को खेती में सुविधा मिलेगी और कृषि पर निर्भर परिवारों को लाभ पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सरकार और जिला प्रशासन के समक्ष मांगें रखी जाती रही हैं। छह दिसंबर 2023 को आयोजित ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को तथा विभिन्न अवसरों पर उपायुक्त के माध्यम से मांगपत्र सौंपा गया था। 10 सूत्री मांगपत्र के चौथे बिंदु में कुकड़ू-नीमडीह के किसानों के लिए चांडिल डैम से लिफ्ट सिंचाई की व्यवस्था करने की मांग प्रमुखता से शामिल थी।
जिप उपाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में जेएसएफसी गोदाम, स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत भवन, बस पड़ाव, डीप बोरिंग, पीसीसी सड़क, पुलिया और गार्डवाल जैसी योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में प्रयास किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, सिंचाई, शिक्षा, बिजली और पेयजल सहित सभी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना उनका लक्ष्य है। उन्होंने सिंचाई योजना को मंजूरी देने के लिए झारखंड सरकार और जिला प्रशासन को बधाई देते हुए किसानों के हित में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया।
