
आदित्यपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा बवाल, दहेज हत्या के आरोप में पति, सास-ससुर और देवर भेजे गए जेल
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
सतवाहनी के जॉय नेक्स्ट अपार्टमेंट का मामला, मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट का लगाया आरोप; पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
आदित्यपुर : प्रेम विवाह के कुछ ही महीनों बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतवाहनी स्थित जॉय नेक्स्ट अपार्टमेंट में पिंकी कुमारी की मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसके पति, सास-ससुर और देवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पिता ललित महतो, निवासी आदित्यपुर-1, रोड नंबर तीन, की लिखित शिकायत पर कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पति मनीष शर्मा, ससुर श्याम शर्मा, सास पूनम शर्मा और देवर सतीश शर्मा के रूप में हुई है।
गर्भवती होने के बावजूद प्रताड़ना का आरोप
मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही पिंकी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के मुताबिक, पिंकी गर्भवती थी। आरोप है कि घटना के दिन उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और छाती तथा पेट पर वार किए गए। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे कार से अस्पताल ले गए। पहले एमजीएम अस्पताल और फिर रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
आत्महत्या की कहानी पर परिजनों ने उठाए सवाल
पिंकी की मौत की खबर मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो उठे। परिजन शव लेकर जॉय नेक्स्ट अपार्टमेंट पहुंचे और विरोध जताया। उनका आरोप है कि घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए छत से कूदने की कहानी बनाई गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर चारों नामजद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
