Advertisements
Spread the love

मकान की छत पर काम कर रहा था युवक, हाईटेंशन तार की चपेट में आते ही थम गई सांसें; आदित्यपुर मांझी टोला में मातम

 

 

रिर्पोटर : जगबंधु महतो

 

 

भट्टा बस्ती की घटना से इलाके में शोक, घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों ने जताई चिंता

 

 

 

आदित्यपुर : घर की छत पर काम कर रहे 27 वर्षीय युवक की जिंदगी एक पल में खत्म हो गई। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के भट्टा बस्ती स्थित मांझी टोला में बुधवार को 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मुन्ना मुदरी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुन्ना बुधवार को अपने घर की छत पर किसी काम में व्यस्त था। इसी दौरान छत के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में वह आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास के लोगों को उसे बचाने का मौका तक नहीं मिल सका।

 

हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की जान जा चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही परिजन बदहवास होकर छत पर पहुंचे। जवान बेटे की मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मांझी टोला में मातम पसर गया और मृतक के घर पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।

 

सूचना मिलने पर आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

मकानों के करीब हाईटेंशन तार से सुरक्षा पर सवाल

 

इस हादसे ने रिहायशी इलाकों में मकानों के नजदीक से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से ऐसी जगहों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की जांच करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

You missed