Spread the love

IDBI बैंक के आउटसोर्सिंग कर्मचारी ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट में काम के दबाव का जिक्र

Advertisements
Advertisements

गाम्हरिया संवाददाता – जगबंधु महतो

सरायकेला: सरायकेला नगर क्षेत्र से शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आईडीबीआई (IDBI) बैंक में कार्यरत 46 वर्षीय आउटसोर्सिंग कर्मचारी आलोक परिहारी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच और घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट के अनुसार, बैंक द्वारा दिए जा रहे काम और टारगेट के दबाव के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव और अवसाद में थे।

सुबह बच्चों को स्कूल छोड़कर लौटे, फिर उठाया आत्मघाती कदम

परिजनों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आलोक परिहारी टांगरानी गांव के निवासी थे। शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने बच्चों को सरायकेला बाजार स्थित स्कूल छोड़ने आए थे। बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद वे घर लौटे और अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। कुछ समय बाद जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

सुसाइड नोट में छलका दर्द, बैंक प्रबंधन पर लगाए आरोप

घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने बैंक प्रबंधन द्वारा लगातार दिए जा रहे टारगेट और मानसिक दबाव का जिक्र किया है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि वह इस दबाव को झेल नहीं पा रहे थे और इसी कारण डिप्रेशन में चले गए थे।

जांच में जुटी पुलिस, बैंक अधिकारियों से हो सकती है पूछताछ

सरायकेला पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुसाइड नोट की गहन जांच कर रही है। साथ ही बैंक प्रबंधन के संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की संभावना भी जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद यदि किसी की लापरवाही या मानसिक उत्पीड़न की पुष्टि होती है, तो कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।

You missed