
जरमुंडी के बोगली गांव का युवक विकास कुमार यादव पिछले एक माह से रहस्यमय तरीके से लापता

विकास का कुछ भी सुराग नहीं मिलने से अनहोनी की आशंका से परिजन परेशान, पुलिस प्रशासन से सकुशल बरामदगी की गुहार
दुमका, संवाददाता -मौसम गुप्ता 
दुमका जरमुंडी से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक परिवार पिछले एक महीने से अपने इकलौते बेटे की राह देख रहा है। हर गुजरता दिन, हर ढलती रात उनके लिए किसी सजा से कम नहीं। मामला दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बोगली गांव का है जहां से
28 वर्षीय विकास कुमार यादव, पिता-अशोक कुमार यादव, गांव- बोगली, पोस्ट-धमनीलता,
थाना-जरमुंडी जो अपने परिवार का इकलौता पुत्र है, पिछले एक महीने से रहस्यमय तरीके से लापता है।
परिजनों के मुताबिक विकास करीब एक माह पहले अपने घर बोगली से रुपए निकालने के लिए बैंक जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन उसके बाद से वह आज तक घर वापस नहीं लौटा। परिवार वालों ने रिश्तेदारों, जान-पहचान में युवक की काफी तलाश की, लेकिन हर जगह से सिर्फ निराशा ही हाथ लगी। थक हार कर परिजनों ने मामले की सूचना जरमुंडी थाना में दी लेकिन एक महीने बीत जाने के बावजूद विकास का कोई सुराग अब तक नहीं लग पाया है। विकास कुमार यादव के परिवार वालों का कहना है कि वही हमारा सहारा था, घर का इकलौता बेटा है अगर उसे कुछ हो गया तो हम कैसे जिएंगे विकास के लापता होने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां-बाप की आंखें हर समय दरवाजे की ओर टिकी रहती हैं, हर आहट पर लगता है कि शायद बेटा लौट आया हो। परिजनों ने दुमका पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनके बेटे का जल्द से जल्द पता लगाया जाए और परिवार को इस असहनीय पीड़ा से राहत दिलाई जाए। सवाल यह है कि एक महीना बीत जाने के बाद भी एक युवक का कोई सुराग क्यों नहीं? क्या पुलिस जल्द इस गुत्थी को सुलझा पाएगी? परिवार को अब भी उम्मीद है कि उनका बेटा सुरक्षित घर लौटे।
Related posts:

