
90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत बेड़ो प्रखंड के नेहालू पंचायत भवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

Arjun Kumar….✍️
रांची । न्यायमूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष, झालसा सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश पर एवं सदस्य सचिव झालसा, कुमारी रंजना अस्थाना तथा न्यायायुक्त, रांची अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में, डालसा सचिव राकेश रौशन की उपस्थिति में 90 दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बेड़ो प्रखंड के नेहालू पंचायत भवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पीएलवी मंगल उरांव, सतीश कुमार, दिनेश, उमेश कुमार, सधनी देवी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएलवी सतीश कुमार ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची से मिलने वाली सुविधाओं, मानव तस्करी तथा नशा उन्मूलन पर जानकारी दी। दिनेश प्रमाणिक ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि वर्तमान समय में बच्चों को बहला-फुसलाकर दूसरे राज्यों में ले जाकर बेचने की घटनाएं बढ़ रही हैं। बच्चों से घरेलू काम या भीख मंगवाने जैसी गतिविधियों में भी उन्हें लगाया जाता है।
सधनी कुमारी ने नशा उन्मूलन पर जोर देते हुए कहा कि अभिभावक स्वयं और अपने बच्चों को नशे से दूर रखें। हड़िया, दारू या अन्य शराब के सेवन से शारीरिक और आर्थिक नुकसान होता है। पीएलवी मंगल उरांव ने प्री-लिटिगेशन मुकदमा दर्ज कराने, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, असंगठित मजदूरों के निबंधन, आयुष्मान भारत योजना के गोल्डन कार्ड, बाल श्रम एवं बाल अधिकार से संबंधित जानकारी दी। साथ ही बाल विवाह से जुड़े कानूनों के बारे में भी जागरूक किया गया। डालसा के पीएलवी द्वारा डोर-टू-डोर अभियान चलाकर लोगों को विधिक सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। आगामी 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई। बताया गया कि इस तिथि को व्यवहार न्यायालय, रांची में उपस्थित होकर अपने मामलों का निःशुल्क निस्तारण कराया जा सकता है। लोक अदालत एक ऐसा मंच है जहां शीघ्र और निःशुल्क न्याय मिलता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के बीच पंपलेट एवं लीफलेट का वितरण किया गया।

