Spread the love

नगर निकाय चुनाव से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, विशेष अभियान में 9 अपराधी गिरफ्तार

Advertisements
Advertisements

गाम्हरिया संवाददाता- जगबंधु महतो

आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से
सरायकेला-खरसावां पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार विगत रात्रि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापामारी कर कुल 09 वांछित अपराधियों एवं वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
यह विशेष अभियान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल के नेतृत्व में सभी थाना प्रभारियों और अंचल निरीक्षकों की देखरेख में चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न कांडों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ-साथ निगरानी अधीन अपराधकर्मियों का भौतिक सत्यापन भी किया गया।
पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं रोकथाम के तहत आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या, उत्पाद अधिनियम, संपत्तिमूलक कांड एवं नक्सल कांड से जुड़े आरोपपत्रित अपराधियों की गतिविधियों की गहन जांच की गई।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में चोरी, मादक पदार्थ तस्करी, उत्पाद अधिनियम एवं अन्य संगीन मामलों के वारंटी एवं वांछित अपराधी शामिल हैं। पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। इस कार्रवाई से जिले में अपराधियों के बीच हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।

You missed