
प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के तीसरे कार्यकाल की शुरुआत : उपायुक्त ने दिलाई शपथ, निष्पक्ष पत्रकारिता का संदेश

संवाददाता : कल्याण पात्रो

चांडिल । सरायकेला-खरसावां जिला के एकमात्र मान्यता प्राप्त पत्रकार संगठन प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के तीसरे कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार को हुई। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए निर्भीक, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को हमेशा प्राथमिकता देने का संदेश दिया। समारोह में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वर्ष 2021 में स्थापना के बाद से पत्रकार हित और जिले की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने में सक्रिय रहा यह क्लब एक बार फिर नई ऊर्जा के साथ काम शुरू कर रहा है। मनमोहन सिंह राजपूत लगातार तीसरी बार अध्यक्ष चुने गए हैं, जिसे पत्रकारों की एकजुटता और उनके नेतृत्व पर विश्वास के रूप में देखा जा रहा है। अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का आईना हैं और किसी भी दबाव या दुर्भावना के अधीन होकर पत्रकारिता नहीं करनी चाहिए। वहीं एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने कहा कि पुलिस और मीडिया एक-दूसरे के पूरक हैं और कई जटिल मामलों में दोनों के समन्वय से समाधान आसान हो जाता है। कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत ने अब तक की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए पुलिस और प्रशासन के साथ सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही चांडिल अनुमंडल में पत्रकार भवन स्थापित करने की मांग भी की गई। इस मौके पर गम्हरिया सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी, पुलिस निरीक्षक नितिन कुमार सिंह, खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार, सिनी ओपी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, महासचिव मनोज कुमार चौधरी और समाजसेवी सुमित चौधरी सहित कई अतिथियों ने पत्रकारों को प्रमाण पत्र और उपहार वितरित किए। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पारंपरिक स्वागत—पौधा, शॉल और मोमेंटो के साथ हुई जबकि समापन सरायकेला की प्रसिद्ध छऊ नृत्य प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने अतिथियों और पत्रकारों का मन मोह लिया।

