
डेढ़ साल बाद भी अधूरी सड़क , शिलान्यास के बाद भी नहीं बन पाई रास्ता

Arjun Kumar…..✍️
अनगड़ा(राँची) । प्रखंड के हेसल पंचायत स्थित हेसल जारा गांव की मुख्य सड़क आज भी निर्माण की बाट जोह रही है। इस सड़क का शिलान्यास 08 अक्टूबर 2024 को खिजरी विधायक और रांची लोकसभा क्षेत्र के सांसद ने संयुक्त रूप से किया था। उस समय चुनावी माहौल के बीच लोगों में उम्मीद जगी थी कि अब वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा। लेकिन अब 1 वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। यह देरी अब ग्रामीणों में निराशा के साथ-साथ आक्रोश भी पैदा कर रही है। हेसल जारा जाने वाला यह मुख्य मार्ग गांव की जीवन रेखा माना जाता है। इसी रास्ते से छात्र-छात्राएं स्कूल और कॉलेज जाते हैं, महिलाएं अपने दैनिक कार्यों के लिए निकलती हैं और बुजुर्गों समेत सभी ग्रामीणों का आवागमन होता है। यह सड़क आसपास के कई गांवों को भी जोड़ती है, जिससे इसकी अहमियत और बढ़ जाती है। बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। हल्की बारिश में ही सड़क कीचड़ में बदल जाती है और जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर जाता है। ऐसे में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का चलना मुश्किल हो जाता है, वहीं लोगों के फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि शिलान्यास के बाद उन्हें जल्द काम शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं होने से वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि चुनाव के समय नेता बड़े-बड़े वादे और सपने दिखाते हैं, लेकिन जीत के बाद उनकी सुध लेने कोई नहीं आता।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि इस जमीनी समस्या का समाधान हो सके और लोगों को राहत मिल सके।

