
आदित्यपुर में दर्दनाक हादसा: चेक डैम में डूबने से दो स्कूली छात्रों की मौत, इलाके में शोक की लहर

रिपोर्टर: जगबंधु महतो
आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां) । आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसंगी स्थित खरकाई नदी पर बने चेक डैम में नहाने के दौरान दो स्कूली छात्रों के डूबने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेंट्रल पब्लिक स्कूल के कक्षा 9 के तीन छात्र—गोडविन थॉमस, रौनक भारद्वाज और प्रशांत कुमार—स्कूल से निकलकर चेक डैम पहुंच गए थे। इसी दौरान रौनक भारद्वाज और गोडविन थॉमस ने नहाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। लेकिन चेक डैम की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण दोनों छात्र पानी में डूब गए। साथ मौजूद प्रशांत कुमार ने दोनों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रौनक भारद्वाज का शव बरामद कर लिया गया, जबकि गोडविन थॉमस की तलाश देर शाम तक जारी रही। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि सूचना के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने में देरी हुई, जिससे समय रहते दोनों बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। घटना की खबर मिलते ही दोनों छात्रों के परिजन मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों ही अपने-अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, रौनक भारद्वाज के परिजन आदित्यपुर कॉलोनी रोड नंबर 11 में रहते हैं, जबकि गोडविन थॉमस का परिवार रोड नंबर 27 का निवासी है। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर नदी और चेक डैम जैसे खतरनाक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी संकेत और निगरानी की कमी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

