
गम्हरिया में नवविवाहिता की मौत पर बवाल, 27 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं—थाना घेराव, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

रिपोटर : जगबन्धु महतो
गम्हरिया । सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के 27 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने मंगलवार को गम्हरिया थाना का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और थाना प्रभारी रामचन्द्र रजक की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाही तथा आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया। मृतका के पिता मंतोष गोराई ने बताया कि उन्होंने 3 मार्च को ही थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें दामाद आशीष गोराई, ससुर सुभाष गोराई और सास सुप्रिया गोराई पर हत्या की साजिश रचने और सबूत मिटाने के लिए शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया गया है। परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है, इसके बावजूद अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शन में शामिल महिला समिति के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करते हुए उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और अब सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर कब तक पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है।

