
ग्रामीण चौकीदार ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जंगल में पेड़ से लटका मिला शव

दुमका :- संवाददाता मौसम गुप्ता
टोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुमघाटा गांव में पदस्थापित ग्रामीण चौकीदार लखन बाउरी का शव रविवार देर रात संदिग्ध परिस्थिति में पलास के जंगल से बरामद किया गया। शव घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल में फंदे से झूलता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद टोंगरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया। बताया जा रहा है कि घटना रविवार रात करीब 11 बजे की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक लखन बाउरी टोंगरा थाना क्षेत्र में ग्रामीण चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी संध्या बाउरी, दो पुत्रियां जयंती और प्रीति तथा 10 वर्षीय पुत्र सूरज हैं। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। मामले को लेकर थाना प्रभारी गुरुचरण मांझी ने बताया कि रात करीब 11 बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि मृतक शराब पीने का आदी था। और उन्हें चार महीने से मानदेय नहीं मिला था। परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

