
भारी बारिश से 33 हजार वोल्ट का बिजली खंभा गिरा, कपाली-पटमदा में बिजली आपूर्ति ठप
सरायकेला-खरसावां: बीती रात हुई भारी बारिश के कारण चांडिल के कांडरबेड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी किनारे 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का खंभा उखड़कर गिर गया। इसके कारण कपाली-पटमदा समेत आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग के एसडीओ कलीनाथ मुंडा और लालजी महतो घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने का निर्देश दिया है। फिलहाल, मरम्मत कार्य जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, स्वर्णरेखा नदी में पानी का स्तर बढ़ने और बिजली का खंभा जड़ से उखड़ जाने के कारण हाइड्रा समेत भारी मशीनों को घटनास्थल तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है। नदी किनारे भारी मशीनों के पहुंचने का रास्ता नहीं होने के कारण मरम्मत कार्य में देरी हो रही है।
एसडीओ कलीनाथ मुंडा ने बताया कि बिजली का खंभा उखड़ने के कारण आपूर्ति बाधित हुई है। विभाग की ओर से मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है और शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे फीडर से कपाली क्षेत्र में बिजली आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत करीब एक घंटे के अंदर कपाली के लोगों को बिजली उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, जमशेदपुर से पटमदा की ओर जाने वाली बिजली आपूर्ति बहाल होने की खबर है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, कपाली क्षेत्र में अब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।
बिजली विभाग को उम्मीद है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद शाम तक आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। हालांकि, बिजली बहाली का मरम्मत कार्य की प्रगति है।
