Advertisements
Spread the love

मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर निकाली तिरंगा यात्रा दौड़

Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

गम्हरिया : ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और उसमें शामिल वीर सैनिकों के असीम शौर्य व पराक्रम के सम्मान में मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से रविवार सुबह एक तिरंगा यात्रा दौड़ का आयोजन किया गया। यह दौड़ सुबह करीब 6:00 बजे गम्हरिया स्थित बोड़ामथान घोड़ा बाबा मंदिर से शुरू होकर गम्हरिया थाना मोड़ तक लगभग 4 किलोमीटर तक चली। इस देशभक्ति से ओत-प्रोत दौड़ में बुजुर्ग, महिलाएं और नन्हे-मुन्ने बच्चे भी पूरे जोश और उत्साह के साथ शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ दौड़ पूरी की। इस आयोजन की अगुवाई कर रहे पूर्व सैनिक (सूबेदार) विजय कुमार ने कहा कि हम सभी मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से इस दौड़ में शामिल हुए हैं। यह आयोजन भारतीय सेना की बहादुरी और समर्पण को नमन करने के लिए है। हमारे एसोसिएशन के सदस्य, उनके परिवार और सैकड़ों स्थानीय लोग इस दौड़ का हिस्सा बने। इस दौड़ के माध्यम से हम सभी भारतीय सेवा के शौर्य को सलाम करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा पूरे देशभर में चलाया जा रहा है जिससे लोगों में देशभक्ति, फिटनेस और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना और मजबूत हो सके।

भारत माता की जय घोष से गूंजा माहौल

दौड़ के दौरान लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम्, और भारतीय सेना की जय जैसे नारों से पूरे मार्ग को देशभक्ति की भावना से भर दिया। माहौल बेहद प्रेरणादायक और उत्साहजनक रहा। यह आयोजन न केवल देश के सैनिकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करता है बल्कि समाज में राष्ट्रीय एकता और जागरूकता फैलाने की दिशा में एक मजबूत कदम भी है।