
कांड्रा मोड़ पर डुमरी विधायक जयराम महतो का भव्य स्वागत, शहीद निर्मल महतो को दी श्रद्धांजलि

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
गम्हरिया । 8 अगस्त को शहीद निर्मल महतो की पुण्यतिथि के अवसर पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं डुमरी विधायक जयराम महतो का गम्हरिया प्रखंड के कांड्रा मोड़ पर जोरदार स्वागत किया गया। यह अभिनंदन कार्यक्रम पार्टी के गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष गोपाल चंद्र महतो और केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रेम मार्डी के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यकर्ता पारंपरिक तीर-धनुष के साथ पहुंचे और “जय झारखंड” के गगनभेदी नारे लगाए। विधायक जयराम महतो ने भी इन नारों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में विधायक जयराम महतो ने शहीद निर्मल महतो को शत-शत नमन करते हुए कहा “निर्मल महतो ने जिस झारखंड की कल्पना की थी, उसे गढ़ने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा।” साथ ही उन्होंने दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि:”दिशोम गुरु संघर्ष की जीवित मिसाल थे। उनके जीवन से हमें लगातार प्रेरणा मिलती रहेगी।” विधायक ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी और कार्यकर्ता समाज के हक-अधिकार की लड़ाई हमेशा लड़ते रहेंगे, चाहे किसी को यह अच्छा लगे या नहीं। कांड्रा मोड़ से श्रद्धांजलि स्थल तक मोटरसाइकिल जुलूस निकाला गया, जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

