Advertisements
Spread the love

शिक्षा विभाग में 37 साल का सफर पूरा, गम्हरिया प्रखंड सभागार में सुब्रता महतो को मिली भावभीनी विदाई

Advertisements

गाम्हरिया- संवाददाता- जगबंधु महतो

गम्हरिया शिक्षा विभाग में 37 वर्षों तक उल्लेखनीय सेवा देने वाले प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुब्रता महतो का विदाई समारोह गम्हरिया प्रखंड सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रखंड के शिक्षक, शिक्षा कर्मी एवं अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए सुब्रता महतो ने कहा कि उनका आज शिक्षा विभाग में 37 वर्षों का योगदान पूरा हो गया। उन्होंने कहा कि अपने पूरे कार्यकाल के दौरान जहां भी पदस्थापन मिला, वहां उन्हें सहयोगी और सहायता करने वाले लोग मिले, जिससे कार्य करना सरल और सकारात्मक रहा।
उन्होंने कहा कि विदाई समारोह में शिक्षकों द्वारा दिया गया सम्मान और उपहार उनके पूरे सेवाकाल में किए गए कार्यों का सबसे बड़ा पारितोषिक है। उन्होंने यह भी कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी सभी शिक्षकों के साथ सामंजस्य बनाकर उन्होंने सकारात्मक कार्य करने का प्रयास किया।
शिक्षा व्यवस्था में आए बदलावों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पहले बच्चे केवल किताब लेकर स्कूल आते थे, लेकिन आज सरकारी योजनाओं के तहत स्कूलों में बैठकर पढ़ाई हो रही है, किताबें सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही हैं और शिक्षा का स्तर निरंतर बढ़ा है।
उन्होंने बताया कि लगभग दस–बारह वर्षों तक शिक्षक के रूप में कार्य करने के बाद वे प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के रूप में जमशेदपुर एवं गम्हरिया में पदस्थापित रहे। गम्हरिया में कार्य करते हुए आयोजित यह विदाई समारोह उनके लिए एक यादगार अनुभव रहा।
समारोह का माहौल भावनात्मक और सम्मानपूर्ण रहा, जहां सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।