
वृद्ध व्यक्ति के लिए सहारा बना डालसा, वृद्धाश्रम में कराया गया आश्रय

Arjun Kumar……✍️
रांची । जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश एवं मार्गदर्शन में एक असहाय वृद्ध व्यक्ति को त्वरित सहायता प्रदान करते हुए सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोरहाबादी स्थित दिव्यान क्षेत्र में एक वृद्ध व्यक्ति कई दिनों से भटकते हुए पाया गया। पूछताछ के क्रम में उसने अपना नाम गौरीशंकर झा बताया। वृद्ध व्यक्ति अत्यंत दयनीय स्थिति में था—वह कई दिनों से भूखा था, उसके पास पर्याप्त वस्त्र नहीं थे तथा रहने के लिए कोई स्थायी ठिकाना भी नहीं था। साथ ही, वह अपने किसी परिजन का पता बताने में भी असमर्थ था। मामले की जानकारी मिलते ही डालसा सचिव के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया, जिसमें पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) प्रदीप नाग, संध्या कुमारी एवं मानव कुमार शामिल थे। टीम ने मौके पर पहुंचकर वृद्ध व्यक्ति की स्थिति का जायजा लिया, उसकी समस्याओं को सुना तथा मानवीय संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की। इसके उपरांत, संबंधित वृद्ध व्यक्ति को मोरहाबादी स्थित झारखंड स्वाभिमान वृद्धाश्रम, चिरौंदी (रांची) में सुरक्षित रूप से आश्रय दिलाया गया, जहां उसके भोजन, वस्त्र एवं देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची द्वारा इस प्रकार की पहल समाज के कमजोर एवं असहाय वर्गों को त्वरित न्याय एवं सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Related posts:

