
दुमका : सीता सोरेन ने रेलवे स्टेशन परिसर मे कोयला डंपिंग यार्ड का निरीक्षण किया
रिपोर्ट : मौसम गुप्ता

भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं दुमका संसदीय क्षेत्र की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सीता सोरेन ने मंगलवार को दुमका रेलवे स्टेशन परिसर स्थित कोयला डंपिंग यार्ड एवं ट्रैक प्वाइंट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों एवं आसपास के लोगों से बातचीत कर प्रदूषण की गंभीर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद सीता सोरेन ने पूर्व रेलवे आसनसोल मंडल के रेल प्रबंधक (DRM) को पत्र लिखकर दुमका रेलवे स्टेशन परिसर से कोयला डंपिंग यार्ड एवं ट्रैक प्वाइंट को तत्काल हटाने अथवा किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि दुमका रेलवे स्टेशन पर कोयला लोडिंग एवं डंपिंग कार्य होने के कारण पूरे क्षेत्र में भारी मात्रा में कोयले की धूल उड़ रही है जिससे रसिकपुर, दुमका शहर एवं आसपास के घनी आबादी वाले क्षेत्रों का वातावरण प्रदूषित हो चुका है। उड़ते हुए कोयले के काले धूलकणों से स्थानीय लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है तथा विशेष रूप से बच्चे, बुजुर्ग एवं मरीज सांस संबंधी बीमारियों से परेशान हैं।

उन्होंने रेलवे प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि स्थानीय सांसद और विधायक के कान तक यह बात लगातार पहुंचती है,लेकिन उन्हें जनता की समस्या से कोई लेना-देना नहीं है। वे एक कान से सुनते हैं और दूसरे कान से निकाल देते हैं,जबकि दुमका की जनता प्रदूषण और बीमारी की मार झेलने को मजबूर है।
उन्होंने कहा कि दुमका की जनता लंबे समय से इस समस्या से जूझ रही है,लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। भाजपा जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य करती रही है और आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।
श्रीमती सीता सोरेन ने रेलवे प्रशासन से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अविलंब कार्रवाई करने एवं दुमका रेलवे स्टेशन परिसर को प्रदूषण मुक्त बनाने की मांग की।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल, जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू, विष्णु यादव, संतोष ढिबर, रविशंकर मंडल साथ मौजूद रहे ।
