चाकुलिया: मानसून सत्र में गूंजी 108 एंबुलेंस सेवा की बदहाली, विधायक समीर मोहंती ने उठाया मुद्दा
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के द्वितीय दिन बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती ने राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा की बदहाल स्थिति का मुद्दा सदन में प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि समय पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण कई मरीजों की रास्ते में ही मौत हो रही है. गंभीर मरीजों को मजबूरी में महंगे निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जबकि कई बार कॉल सेंटर में फोन तक नहीं उठता, जिससे ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. विधायक ने कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा की बदहाली का सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों पर पड़ रहा है. उन्होंने सरकार से इस सेवा में शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके. सरकार की ओर से दिए गए जवाब में बताया गया कि 108 एंबुलेंस सेवा के कॉल सेंटर की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है तथा वहां चिकित्सा पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है. साथ ही एंबुलेंस की कमी को दूर करने के लिए 237 नई एंबुलेंस, 30 एडवांस लाइफ सपोर्ट और 281 बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की खरीद की प्रक्रिया जारी है. सरकार ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सेवा की स्थिति में सुधार परिलक्षित होगा.



