
बहरागोड़ा: नयाग्राम की जर्जर सड़क का कुणाल षाड़ंगी ने किया निरीक्षण, जल्द मरम्मत का मिला आश्वासन
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
बहरागोड़ा प्रखंड के डोमजुड़ी पंचायत अंतर्गत नयाग्राम चौक से नयाग्राम गांव तक बारिश के कारण जर्जर हुई सड़क का झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने ग्रामीणों के आग्रह पर निरीक्षण किया. इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति से उन्हें अवगत कराते हुए तत्काल मरम्मत कराने की मांग की.

कुणाल षाड़ंगी ने मौके पर सड़क की स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद उन्होंने दूरभाष के माध्यम से उपायुक्त को सड़क की समस्या से अवगत कराया और तत्काल फिलिंग कराकर आवागमन सुचारु कराने का आग्रह किया.

उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि जल्द ही सड़क की फिलिंग कर उसे आवागमन योग्य बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि जब तक विभागीय स्तर से पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक फिलिंग एवं आवश्यक मरम्मत के माध्यम से ग्रामीणों के आवागमन को सुचारु रखने का प्रयास किया जाएगा.

इस मौके पर झामुमो के वरिष्ठ नेता आदित्य प्रधान, संजीव रथ, सुनील जेना, देवाशीष पात्रा, सतवंत गिरी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे.
