Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: बकाया भुगतान को लेकर आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं ने ज्ञापन सौंपकर 1 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
झारखंड आंगनबाड़ी कर्मचारी एसोसिएश के बैनर तले आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं ने बकाया भुगतान समेत 10 सूत्री मांगों को लेकर सोमवार को डाकबंगला से रैली निकालकर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) को ज्ञापन सौंपा. एसोसिएशन ने लिखित तौर पर चेतावनी दी है कि यदि 31 अक्टूबर तक सभी बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो 1 नवंबर 2026 से सभी आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाएं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली जाएंगी.

एसोसिएशन का कहना है कि आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाएं लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संगठन के बैनर तले संघर्ष कर रही हैं. इसके बावजूद विभिन्न मदों में बकाया राशि का भुगतान नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. संगठन ने मांग पत्र के माध्यम से विभाग से बकाया राशि का अविलंब भुगतान करने तथा अन्य समस्याओं का समाधान करने की मांग की है.

एसोसिएशन की 10 सूत्री मांगें

एसोसिएशन ने मार्च की बकाया पोषाहार राशि का भुगतान करने, बढ़ोतरी एवं गर्भावस्था मानदेय को समायोजित कर प्रतिमाह भुगतान सुनिश्चित करने तथा पोषाहार की राशि का नियमित भुगतान करने की मांग की है. इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रोत्साहन भत्ते का भुगतान करने की मांग भी शामिल है.

संगठन के अनुसार, जुलाई 2024 से अप्रैल 2025 तक बढ़े हुए मानदेय के तहत मिलने वाले 500 रुपये की राशि का भुगतान अब तक नहीं हुआ है. इसे अविलंब जारी करने की मांग की गई है. साथ ही वर्ष 2024 से बकाया सीबीई, मोबाइल रिचार्ज एवं इंसेंटिव की राशि का भुगतान करने, आंगनबाड़ी केंद्रों का किराया और गैस सिलेंडर की राशि देने तथा सभी केंद्रों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई है.

मांग पत्र में यह भी कहा गया है कि फरवरी 2025 में ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत बिजली मीटर एवं कनेक्शन के लिए घाटशिला में राशि जमा करने के बावजूद कई केंद्रों को बिजली कनेक्शन नहीं मिला है. ऐसे केंद्रों में अविलंब बिजली कनेक्शन देने तथा द्वितीय तिमाही का बकाया चावल उपलब्ध कराने की मांग की गई है.

31 अक्टूबर तक भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज होगा

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि 31 अक्टूबर तक बकाया राशि का भुगतान नहीं होने पर 1 नवंबर से सेविका एवं सहायिकाएं अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगी. संगठन ने विभाग से निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी मांगों पर कार्रवाई करने की अपील की है.