Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: मिस्त्रीपाड़ा में सजेगा भव्य काली पूजा पंडाल, ‘स्वर्ग माया’ थीम होगी आकर्षण का केंद्र

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के मिस्त्रीपाड़ा सार्वजनिक काली पूजा कमेटी ने इस वर्ष काली पूजा धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया है. इसे लेकर कमेटी की ओर से भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है. इस वर्ष पंडाल पश्चिम बंगाल के कोलाघाट की प्रसिद्ध थीम ‘स्वर्ग माया’ पर आधारित होगा. पंडाल का निर्माण प्रसिद्ध कलाकार बाबुल मन्ना द्वारा किया जाएगा. इस भव्य पंडाल के निर्माण पर लगभग दो लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है.

इस वर्ष मिस्त्रीपाड़ा सार्वजनिक काली पूजा कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण की व्यवस्था की जा रही है. मां काली के दर्शन के साथ भक्तों को भव्य पंडाल और आकर्षक रोशनी का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा. पंडाल की शानदार सजावट, मनमोहक लाइटिंग और अंदर की बारीक कलाकारी दर्शकों को एक अलग ही दुनिया का अनुभव कराएगी.

तैयारी में जुटे कमेटी के सदस्य

काली पूजा को भव्य रूप देने के लिए कमेटी के सभी सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं. इसमें कमेटी के अध्यक्ष राजेश नामाता, संरक्षक मुन्ना सिंह, उपाध्यक्ष मानु मिश्रा और सचिव अपु दास समेत अन्य सदस्य सक्रिय रूप से अपनी भूमिका निभा रहे हैं.

कमेटी का प्रयास है कि काली पूजा के अवसर पर मिस्त्रीपाड़ा में ऐसा आकर्षक वातावरण तैयार किया जाए, जो श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए यादगार बने. ‘स्वर्ग माया’ थीम पर आधारित भव्य पंडाल, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट इस वर्ष चाकुलिया में काली पूजा के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होने की उम्मीद है.