
बहरागोड़ा: शिक्षा विरोधी सरगनाओं की खुली पोल, कॉलेज में कमीशन प्रिंसिपल की नियुक्ति से मचा हड़कंप: यादव पात्र
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह

बहरागोड़ा कॉलेज में हाल ही में कमीशन प्रिंसिपल की नियुक्ति के बाद शिक्षा व्यवस्था में वर्षों से जमे शिक्षा विरोधी तत्वों में हड़कंप मच गया है. यह आरोप लगाते हुए बहरागोड़ा महाविद्यालय के पूर्व छात्र संघ सचिव यादव पात्र ने कहा कि पारदर्शी और नियमसम्मत नियुक्ति से उन लोगों की बेचैनी बढ़ गई है, जो लंबे समय से शिक्षा को अपने स्वार्थ का साधन बनाए हुए थे. यादव पात्र ने कहा कि कॉलेज में पिछले 4 साल से कुछ शिक्षा विरोधी सरगनाओं का वर्चस्व रहा है, जो योग्यता और नियमों के बजाय सेटिंग और लेन-देन के आधार पर व्यवस्था चलाना चाहते थे. लेकिन कमीशन प्रिंसिपल की नियुक्ति ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा संस्थानों को भ्रष्टाचार और राजनीति का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा. योग्य नेतृत्व से ही छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो सकता है. बहरागोड़ा कॉलेज में हुई यह नियुक्ति शिक्षा सुधार की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, जिसे किसी भी सूरत में बाधित नहीं होने दिया जाएगा. इस दौरान यादव पात्र ने कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति से अपील की कि वह ऐसे शिक्षा विरोधी तत्वों पर कड़ी नजर रखे और कॉलेज परिसर में शैक्षणिक माहौल को बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे.

