
चाकुलिया: नागा बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना कर भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद उम्मीदवार चन्दना मुर्मू ने डोर टू डोर शुरू किया प्रचार
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत अध्यक्ष पद की भाजपा समर्थित उम्मीदवार चन्दना मुर्मू ने अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत नागा बाबा मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की. इस दौरान उम्मीदवार चन्दना मुर्मू ने नागा बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया. इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की.


मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के पश्चात चन्दना मुर्मू ने उपस्थित समर्थकों और कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, प्रकाश व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देंगी. उन्होंने जनता से आशीर्वाद और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें अवसर मिला तो वे चाकुलिया नगर पंचायत को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य करेंगी. इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय नागरिक शामिल होकर सभी ने चन्दना मुर्मू को जीत की अग्रिम शुभकामनाएँ देते हुए उनके अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया.

