
चाकुलिया: भाजपा नेताओं ने की लघु उद्योग संघ के साथ बैठक, प्रत्याशी चन्दना मुर्मू के समर्थन में वोट देने की अपील की
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत चुनाव को लेकर अग्रसेन भवन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता अभय सिंह की उपस्थिति में लघु उद्योग संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.


बैठक में नगर क्षेत्र के व्यापार, लघु उद्योगों की समस्याओं और विकास की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई. संघ के पदाधिकारियों ने उद्योग एवं व्यापार से जुड़ी विभिन्न मांगों और समस्याओं को नेताओं के समक्ष रखा. विशेष रूप से साबुन उद्योग से संबंधित जीएसटी दरों में असमानता, स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया.

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा हमेशा व्यापारियों, उद्यमियों और लघु उद्योगों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है. उन्होंने कहा कि छोटे उद्योग स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं और इनके विकास से क्षेत्र में रोजगार और व्यापार दोनों को मजबूती मिलती है. उन्होंने आश्वस्त किया कि लघु उद्योगों से जुड़ी समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाकर समाधान की दिशा में पहल की जाएगी. साथ ही उन्होंने नगर पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित अध्यक्ष प्रत्याशी चन्दना मुर्मू को एक सक्रिय, समर्पित और विकासोन्मुख उम्मीदवार बताते हुए उनके पक्ष में समर्थन देने की अपील की.

जमशेदपुर सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लघु उद्योगों और छोटे व्यवसायियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि उद्योगों को प्रोत्साहन देने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और क्षेत्र का समग्र विकास संभव होता है. उन्होंने संघ की मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित मंच पर उठाने का भरोसा दिलाया. साथ ही उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में सकारात्मक और जवाबदेह नेतृत्व स्थापित करने के लिए चन्दना मुर्मू को समर्थन देना आवश्यक है. बैठक के अंत में भाजपा नेताओं ने लघु उद्योग संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों से आगामी नगर पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित अध्यक्ष प्रत्याशी चन्दना मुर्मू को समर्थन देने की अपील की.

इस मौके पर लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष दुर्गा दत्त लोधा, सचिव दीपक झुनझुनवाला, संजय लोधा, विवेक लोधा, भाजपा जिलाध्यक्ष चंडी चरण साव, गणेश प्रसाद रूंगटा, सुशील शर्मा, बासुदेव रूंगटा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे.

