Advertisements
Spread the love

दुमका : एक वर्ष से वेतन नहीं, स्वास्थ्य कर्मियों का हल्ला बोल

रिपोर्ट : मौसम गुप्ता 

२९ अक्टूबर – दुमका जिले में आउटसोर्सिंग के माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों को पिछले एक वर्ष से वेतन एवं मानदेय का भुगतान नहीं किए जाने के विरोध में बुधवार को पैरामेडिकल स्टाफ एसोसिएशन, झारखंड द्वारा श्रम अधीक्षक कार्यालय, दुमका का घेराव किया गया। भारतीय जनता पार्टी, दुमका ने इस आंदोलन को पूर्ण समर्थन दिया।

जानकारी के अनुसार शिव प्रोटेक्शन फोर्स, बिरसा सिक्योरिटी, बालाजी डिटेक्टिव एवं बीएमआर सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड के अंतर्गत कार्यरत सैकड़ों कर्मी 17 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कर्मियों का आरोप है कि 12 महीनों से वेतन नहीं मिलने के बावजूद समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

घेराव कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सुनील सोरेन, प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक अमित मंडल, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल, पूर्व जिलाध्यक्ष निवास मंडल, जिला महामंत्री मृणाल मिश्रा एवं विमल मरांडी, जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू, दीप्तांशु कोचगवे, लक्ष्मण प्रजापति, रामकृष्ण हेंब्रम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सुनील सोरेन ने कहा कि एक वर्ष से वेतन नहीं मिलना राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और श्रम मंत्री संजय यादव को कर्मचारियों की पीड़ा दिखाई नहीं दे रही है।

वहीं अमित मंडल ने कहा कि कर्मचारियों से काम लिया जाए और उन्हें उनके परिश्रम का भुगतान न किया जाए, यह व्यवस्था की जवाबदेही पर बड़ा सवाल है। सरकार को बकाया वेतन की समय-सीमा तय कर संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।

जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने कहा कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं, तो भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।

You missed