Advertisements
Spread the love

हड़ताल पर डटे एनआईटी कॉलेज के 120 सफाईकर्मी

Advertisements

रिपोर्टर : जगबंधु महतो

आदित्यपुर : नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) जमशेदपुर में कार्यरत कुल 120 ठेका सफाईकर्मी विगत 13 दिनों से हड़ताल पर हैं। निजी एजेंसी के अधीन कार्यरत इन सफाईकर्मियों ने पीएफ, ईएसआई और बोनस जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर संस्थान परिसर में साफ-सफाई कार्य पूरी तरह ठप कर दिया है। सफाईकर्मियों का आरोप है कि ठेकेदार अमित कुमार उपाध्याय द्वारा न तो उन्हें पीएफ और ईएसआई की सुविधा दी जा रही है, न ही उन्हें पिछले दो वर्षों से बोनस प्रदान किया गया है। सफाईकर्मी लाल मुखी ने जानकारी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने एनआईटी प्रबंधन से भी हस्तक्षेप की मांग की है। इस आंदोलन को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) का पूर्ण समर्थन प्राप्त है। जेएलकेएम के नगर अध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो ने बताया कि एनआईटी प्रबंधन के डायरेक्टर और चेयरमैन से दो बार वार्ता हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2020 से 2023 तक सफाईकर्मियों को नियमित रूप से बोनस दिया गया, लेकिन बीते दो वर्षों से यह बंद कर दिया गया है, जो सरासर अन्याय है। प्रदीप महतो ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा। आंदोलन को समर्थन देने वालों में जेएलकेएम के कोल्हान प्रवक्ता माधव महतो, महिला मोर्चा की जिला महामंत्री अनीता महतो, आनंद दास, मुनि हांसदा, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष बिट्टू महतो समेत कई अन्य सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता शामिल हैं।