
गणतंत्र दिवस पर बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में जेल अदालत का आयोजन, 08 बंदी रिहा

Arjun Kumar Pramanik……✍️
रांची : गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2026 को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार, रांची में जेल अदालत-सह-विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन झालसा के निर्देश एवं आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के नेतृत्व और डालसा सचिव की देखरेख में संपन्न हुआ।
जेल अदालत में 08 मामलों का निपटारा
जेल अदालत के दौरान लंबित बंदी अभिलेखों की समीक्षा कर उपयुक्त मामलों की पहचान की गई। इस प्रक्रिया में लिगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ताओं द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। कुल 08 मामलों की पहचान की गई, जिनमें संबंधित अभियुक्तों ने स्वेच्छा से अपराध स्वीकार करने की सहमति दी थी तथा इसके लिए आवश्यक आवेदन संबंधित न्यायालय एवं डीएलएसए को पूर्व में प्रस्तुत किए गए थे।
जेल अदालत में इन सभी मामलों की सुनवाई के उपरांत 08 बंदियों के मामलों का निपटारा करते हुए उन्हें रिहा किया गया।
न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, न्यायिक दंडाधिकारी, रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी, डालसा सचिव, निबंधक व्यवहार न्यायालय, रांची, जेल अधीक्षक, कारापाल सहित जेल प्रशासन के अन्य कर्मी उपस्थित रहे। इसके साथ ही एलएडीसीएस रांची की टीम एवं 22 विधि के छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
बंदियों के लिए स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन
गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित जेल अदालत के साथ-साथ बंदियों के स्वास्थ्य की देखभाल हेतु विशेष स्वास्थ्य कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसमें बंदियों की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परामर्श दिया गया।
Related posts:

