
हल्दीपोखर साप्ताहिक हाट में दुर्घटना की आशंका पर विधायक संजीव सरदार ने ‘नो एंट्री’ का दिया निर्देश

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटका । पोटका के विधायक संजीव सरदार ने हल्दीपोखर साप्ताहिक हाट में बढ़ती भीड़ और संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए शनिवार को बाजार मार्ग पर ‘नो एंट्री’ लगाने का निर्देश दिया है।
<span;>हल्दीपोखर, पोटका प्रखंड का सबसे बड़ा साप्ताहिक बाजार है, जहां प्रत्येक शनिवार दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक हजारों की संख्या में ग्रामीण खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान मुख्य सड़क पूरी तरह से भीड़ से भर जाती है। यह मार्ग झारखंड और ओडिशा को जोड़ने वाला एक प्रमुख राज्यीय मार्ग भी है, जिस पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है।
<span;>विधायक संजीव सरदार ने आशंका जताई कि भीड़ के बीच ट्रकों की आवाजाही से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने बताया कि पहले भी इस समस्या की जानकारी प्रशासन को दी जा चुकी थी, लेकिन अब ठोस कदम उठाना जरूरी हो गया है। विधायक के निर्देश के बाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने त्वरित संज्ञान लेते हुए कोवाली थाना को आवश्यक निर्देश जारी किए। इसके तहत बाजार अवधि में भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही, विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। विधायक ने कहा कि “जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है। हल्दीपोखर जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्कता और ट्रैफिक नियंत्रण आवश्यक है। प्रशासन को चाहिए कि ऐसे क्षेत्रों में भविष्य के लिए ठोस योजना तैयार करे, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।”

