Spread the love

अक्षय तृतीया पर परंपरानुसार महाप्रभु श्री जगन्नाथ के रथ निर्माण का हुआ शुभारंभ; 7 जुलाई को करेंगे रथ यात्रा . . .

अलौकिक है सरायकेला में महाप्रभु श्री जगन्नाथ का आगमन; 22 जून को देवस्नान के बाद खट्टा खाकर महाप्रभु पड़ेंगे बीमार।

सरायकेला : SANJAY

Advertisements

जगन्नाथ धाम पुरी के तर्ज पर सरायकेला में आयोजित होने वाले वार्षिक जगन्नाथ रथ यात्रा का इतिहास तकरीबन ढाई सौ साल से अधिक पुराना रहा है। जिसका शुभारंभ शुक्रवार को पावन अक्षय तृतीया के अवसर पर महाप्रभु श्री जगन्नाथ के रथ निर्माण के साथ किया गया।

उत्कलीय जगन्नाथ परंपरा के अनुसार आगामी 7 जुलाई से शुरू होने वाली जगन्नाथ रथ यात्रा के लिए विधिवत पूजा अर्चना कर रथ निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। प्राचीन जगन्नाथ श्री मंदिर सरायकेला के प्रांगण में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में श्री मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित ब्रह्मानंद महापात्र और पंडित सानू आचार्य द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्रत्येक वर्ष की भांति स्वर्गीय मनुसुख परीच्क्षा परिवार द्वारा उनके पुत्र कार्तिक परीच्क्षा यजमान बनकर रथ निर्माण शुभारंभ पूजा संपन्न कराएं।

जिसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर श्री जगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष राजा सिंहदेव, बादल दुबे, सुधीर चंद्र दाश, चित्रा पटनायक, सुदीप पटनायक, चिरंजीवी महापात्र, गणेश सतपथी, राजेश मिश्रा, चंद्रशेखर कर, अंजली राय, सौरभ दुबे, परशुराम कवि, गुड्डू मिश्रा, रवि सतपथी, दाशरथी परीच्क्षा, भाग्य सागर सिंह, गोलक ज्योतिषी, संजय मिश्रा एवं रथ निर्माण कार्य के कारीगर विश्वकर्मा प्रफुल्ल नायक सहित अन्य जगरनाथ भक्त श्रद्धालु उपस्थित रहे।

जगन्नाथ पांजी के अनुसार महाप्रभु श्री जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा को लेकर तिथिवार धार्मिक अनुष्ठानों की घोषणा की गई। सरायकेला स्थित प्राचीन जगन्नाथ श्री मंदिर के मुख्य पुजारी सह सेवक पंडित ब्रह्मानंद महापात्र बताते हैं कि पंचागीय दशा के अनुसार इस वर्ष की रथ यात्रा खास होगी।

ऐसे होंगे धार्मिक अनुष्ठान:-
22 जून- देवस्नान पूर्णिमा।
7 जुलाई- रथ यात्रा प्रारंभ।
8 जुलाई- मौसी बाड़ी आगमन।
9 जुलाई- मां विपदातारिणी पूजा।
11 जुलाई- हेरा पंचमी पर रथभांगिनी।
15 जुलाई- बाऊड़ा ( घूरती रथ प्रारंभ).
16 जुलाई- महाप्रभु का श्री मंदिर आगमन।
17 जुलाई- हरिशयनी एकादशी पर महाप्रभु का चातुर्मास शयन प्रारंभ।

देवस्नान पूर्णिमा पर खट्टा खाकर महाप्रभु होते हैं बीमार:-
कलियुग में जीवंत देव के रूप में पूजे जाने वाले महाप्रभु श्री जगन्नाथ के सभी धार्मिक अनुष्ठान जीवन से जुड़े हुए हैं। इसे लेकर आगामी 22 जून को वार्षिक रथयात्रा के धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ देवस्नान पूर्णिमा के साथ किया जाएगा। धार्मिक मान्यता और परंपरा के अनुसार इस दिन महाप्रभु को 1001 कलशों के पवित्र, औषधियां और सुगंधित द्रव्यों से मिश्रित जल से स्नान करवाया जाएगा। जिसके बाद नए वस्त्र धारण कराकर महाप्रभु को उनके अग्रज बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के साथ श्री मंदिर के सिंहासन पर विराजमान किया जाएगा। इस अवसर पर भक्तगण महाप्रभु के नवयौवन रूप का दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। मौके पर महाप्रभु को खीर एवं खिचड़ी के साथ खट्टे आमड़े की सब्जी का भोग चढ़ाया जाएगा। देव स्नान के बाद भोजन में खट्टे आमड़े की सब्जी का सेवन करके महाप्रभु ज्वर से पीड़ित होकर बीमार होते हैं। जिसके बाद अगले 15 दिनों तक स्वास्थ्य लाभ के लिए श्री मंदिर स्थित अन्नसर गृह में चले जाते हैं। इन 15 दिनों में भक्त महाप्रभु के दर्शन नहीं कर पाते हैं। और सिर्फ मंदिर के मुख्य पुजारी द्वारा बीमार के दिनों में उनकी सेवा की जाती है। इस दौरान महाप्रभु को पहले 5 दिन पर यानी 29 जून को पंचमूल औषधि दी जाएगी। और उसके 10 दिनों बाद यानी 9 जुलाई को दशमूल औषधि दी जाएगी। जिसके बाद महाप्रभु स्वस्थ होकर नेत्र उत्सव के दिन अपने भक्तों को दर्शन देंगे।

अलौकिक है सरायकेला में महाप्रभु श्री जगन्नाथ का आगमन:-

सरायकेला में महाप्रभु श्री जगन्नाथ के पूजन की परंपरा तकरीबन ढाई सौ साल से अधिक पुरानी बताई जाती है। इनके सरायकेला आगमन के संबंध में बताया जाता है कि उड़ीसा स्थित ढेंकानाल के पुजारी पंडित जलंधर महापात्र को नदी में स्नान करने के क्रम में महाप्रभु के विग्रह (लकड़ी) का दर्शन बहते हुए हुआ था। जिसे घर लाकर पुजारी ने श्रृंगार करते हुए पूजा अर्चना शुरू की। कुछ समय पश्चात पंडित जलंधर महाप्रभु के विग्रह को लेकर तत्कालीन सरायकेला स्टेट में पहुंचे और खपरैल घर में महाप्रभु को स्थापित कर पूजा-अर्चना करने लगे।

इसी दौरान युद्ध के लिए जा रहे सरायकेला स्टेट के तत्कालीन महाराज अभिराम सिंह को कुटिया से घंटी की आवाज आती हुई सुनाई दी। इस पर वह कुटिया में जाकर महाप्रभु से युद्ध विजय का आशीर्वाद मांगे। युद्ध से विजयी होकर लौटने के बाद उन्होंने पुजारी सहित महाप्रभु को लाकर खरकई नदी के तट पर जमीन देकर बसाया। इसके बाद प्रसिद्ध शिल्पकार चंद्रमोहन महापात्र के निर्देशन में इसे भव्य रूप देकर मंदिर का निर्माण कराया गया। जो पश्चिम बंगाल स्थित बांकुड़ा और उड़ीसा के मिश्रित मंदिर वास्तुकला निर्माण शैली का उदाहरण है।

टेराकोटा पद्धति से तकरीबन पौने दो सौ साल पहले उक्त प्राचीन जगन्नाथ श्री मंदिर का निर्माण कराया गया था। वही परंपरागत तरीके से महाप्रभु श्री जगन्नाथ के पूजा परंपरा को लेकर पुजारी जालंधर महापात्र की 10 वीं पीढ़ी आज महाप्रभु की सेवा कर रही है। मंदिर के वर्तमान पुजारी पंडित ब्रह्मानंद महापात्र द्वारा प्रतिदिन प्रातः कालीन पूजा अर्चना, भोग अर्पण और संध्या आरती की जाती है। महाप्रभु के पूजा अर्चना सहित संस्कृति के संरक्षक सरायकेला के राजा पदेन होते हैं।

उड़ीसा से बिहार के विभाजन के समय सरकार के साथ हुए राजकीय करार के अनुसार 1 जनवरी 1948 से उक्त मंदिर की देखरेख और परंपराओं के निर्वहन का अधिकार राज्य सरकार के पास होने के बावजूद परंपरा अनुसार इसके संरक्षक सरायकेला के वर्तमान राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव हैं। इसके अलावा वर्ष 2007 से जगन्नाथ सेवा समिति उक्त मंदिर की देखरेख और परंपराओं का निर्वहन कर रही है।

होगा खास:- श्री जगरनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष राजा सिंहदेव बताते हैं कि समिति की ओर से और जगन्नाथ भक्तों के सहयोग से महाप्रभु श्री जगन्नाथ के रथ यात्रा के लिए छह पहियों वाले रथ बनाने की तैयारी की जा रही है। जो अगले वर्ष 2025 की वार्षिक रथ यात्रा में महाप्रभु के रथ के रूप में तैयार होकर रथ यात्रा में उपयोग लाई जाएगी।

Advertisements

You missed