
घर के आंगन में बना डाला नाडेप, बीडीओ ने कहा – दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

रिपोर्टर : जगबंधु महतो
सरायकेला – खरसावां । जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत छोटा गम्हरिया पंचायत में सरकारी योजनाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अभय कुमार द्विवेदी ने स्वयं छापेमारी कर इस घोटाले का भंडाफोड़ किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बीडीओ ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत नाडेप एवं शोख्ता गड्ढा निर्माण योजना में जनप्रतिनिधियों एवं लाभुकों द्वारा मिलीभगत कर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया जा रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर छोटा गम्हरिया के भोजपुर कॉलोनी में गंगामनी महतो के घर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान यह पाया गया कि लाभुक गंगामनी महतो के घर के आंगन में ही नाडेप टैंक का निर्माण कराया गया है, जो योजना की शर्तों एवं नियमों का सरासर उल्लंघन है। इतना ही नहीं, मौके पर गंगामनी महतो द्वारा नाडेप को तोड़ने की कोशिश भी की जा रही थी।
बीडीओ ने कहा कि यह महज एक उदाहरण है, पूरे पंचायत में योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति संदेहास्पद है। उन्होंने कहा कि एक जांच टीम गठित कर पूरे पंचायत की योजनाओं की गहन जांच कराई जाएगी।
फिलहाल गंगामनी महतो समेत संबंधित जनप्रतिनिधियों व पंचायत कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बीडीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी योजना में कमियां पाई जाती हैं तो उन्हें “सुधारा जाए पोर्टल” पर अपलोड कर सुधार की दिशा में पहल की जाएगी।

