
पालोबेड़ा में दर्दनाक हादसा,गिट्टी लदा हाइवा घर पर पलटा, पिता-पुत्री की मौत, 25 लाख मुआवजे पर बनी सहमति

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
कांड्रा : सरायकेला जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र के पालोबेड़ा में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। गिट्टी से भरा एक हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर एक घर के ऊपर पलट गया। इस हादसे में घर में मौजूद करीब 30 वर्षीय बीरबल मुर्मू और उसकी ढाई वर्षीय बेटी अनुश्री मुर्मू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बीरबल की पत्नी सेफाली मुर्मू भी घायल हो गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में रोष व्याप्त हो गया। सूचना पाकर कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। ग्रामीणों ने घटना के लिए एजेंसी को जिम्मेदार ठहराते हुए 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। विरोध के कारण माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
करीब 10 घंटे की वार्ता के बाद कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू और झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के के प्रयास से 25 लाख रुपये मुआवजे पर सहमति बनी। साथ ही अंतिम संस्कार के लिए तुरंत 1 लाख रुपये प्रदान किए गए। इसके बाद शाम करीब चार बजे ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की अनुमति दी।
वार्ता में खरसावां बीडीओ साधुचरण देवगम, हुदु पंचायत की मुखिया सुगी मुर्मू, पंसस मोनो टुडू, ग्राम प्रधान राग्धु किस्कू, प्रखंड समन्वक सावन सोय, तथा एजेंसी की ओर से मैनेजर मंजित सिंह और साइट इंचार्ज रंजन कुमार आदि मौजूद रहे।
Related posts:

