Advertisements
Spread the love

नकली पुलिस बनकर ट्रक चालकों से अवैध वसूली करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

सरायकेला -सरायकेला । जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टोल ब्रिज के समीप पुलिस चेक पोस्ट के निकट एक व्यक्ति द्वारा नकली पुलिस बनकर ट्रक चालकों को धमका कर अवैध रूप से पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

घटना की जानकारी के अनुसार आरोपी बोलेरो वाहन में काली फिल्म चढ़ाकर उस पर पुलिस का बोर्ड लगाकर खुद को पुलिस अधिकारी दर्शा रहा था। रात्रि में ट्रकों को रोककर वह चालकों को धमकी देते हुए पैसे ऐंठ रहा था। इस संदर्भ में आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 98/2025, दिनांक 05 अप्रैल 2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 318(4), 308(5), 336(3)(4), 340(2), 341(1)(2), 342(2) एवं 3(5) बीएनएस-2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सरायकेला एसडीपीओ समीर सवैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी कुणाल कुमार उर्फ बिट्टू नंदी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार (नंबर JH05CZ-6809) भी बरामद की है, जो घटना में प्रयुक्त हुई थी।

छापेमारी दल में एसडीपीओ समीर सवैया के अलावा आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की, एसआई (आईओ) राहुल कुमार, एसआई रंजीत कुमार सिंह, एसआई विपुल कुमार ओझा और एसआई धीरंजन कुमार शामिल थे।

पुलिस द्वारा इस प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी हेतु छापेमारी अभियान लगातार जारी है। पुलिस प्रशासन ने पुनः यह संदेश स्पष्ट किया है कि कानून की आड़ लेकर आम जनता को ठगने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

You missed