Advertisements
Spread the love

धूमधाम से सम्पन्न हुआ सरहुल जतरा

Advertisements

Arjun Kumar….✍️

अनगड़ा(रांची) । प्रकृति और आदिवासी संस्कृति के महान पर्व सरहुल का आयोजन सरहुल पूजा सह जतरा समिति, चतरा के तत्वावधान में हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से सम्पन्न हुआ। पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला, जहां ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपरा को जीवंत किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरना स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना से हुई, जहां पाहन द्वारा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं अच्छी फसल की कामना की गई। इसके पश्चात पारंपरिक नृत्य-गान, जतरा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विशेष आकर्षण के रूप में विभिन्न गांवों से आए खोड़ा नाच दलों ने अपनी पारंपरिक प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खोड़ा टीमों को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। समिति के अध्यक्ष शशिकांत पाहन, सचिव सुरेश मुंडा एवं कोषाध्यक्ष राजु महली के नेतृत्व में पूरे आयोजन का सफल संचालन किया गया। मुखिया डोली मुंडा ने अपने संबोधन में कहा कि सरहुल पर्व हमारी पहचान और प्रकृति के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। यह पर्व जल, जंगल और जमीन की रक्षा का संदेश देता है तथा हमारी परंपरा को जीवित रखने का माध्यम है। वहीं पूर्व मुखिया सोहन मुंडा ने कहा कि सरहुल हमारे पूर्वजों की अमूल्य धरोहर है, जो हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और समाज में एकता एवं भाईचारे को बढ़ावा देने की प्रेरणा देता है।इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य अनगड़ा एवं भाजपा युवा नेता रामसाय मुंडा भी उपस्थित रहे। उन्होंने मेला में अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए खोड़ा नाच टीमों को पुरस्कृत किया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुरेश महतो, दीपिका देवी (वार्ड सदस्य), संजय महली, रामेंश मुंडा, संजय महतो, चरकु मुंडा, सुकुल महतो, रामसेवक महतो, किशोर महतो सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही चरकु मुंडा, हरि उरांव, मनोज महतो, सुजीत उरांव, जितेन्द्र पाहान, सुमित महतो, रोहित, मुकेश, बालेश्वर, शंकर, मुखलाल, अमन, सुरेश, गली, बसंत, राजू, जलेश्वर, सुभाष एवं अन्य ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में समिति ने सभी ग्रामीणों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हो पाया।