
कप व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
गम्हरिया । समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), खाद्यान्न आपूर्ति, दाल-भात योजना, डाकिया योजना, चावल दिवस, सोना–सोबरन धोती–साड़ी योजना, आयुष्मान भारत योजना, ई-केवाईसी, NFSA के तहत वितरण, नमक आपूर्ति, धान अधिप्राप्ति व भुगतान सहित कई योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विभागीय योजनाओं का उद्देश्य पात्र लाभुकों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों में समयबद्धता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी कार्डधारियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न का नियमित वितरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाते हुए शत-प्रतिशत पूर्णता पर जोर दिया गया। साथ ही नेटवर्क समस्या वाले क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर लंबित कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि लंबे समय से राशन नहीं उठाने वाले या ई-केवाईसी में सहयोग नहीं करने वाले लाभुकों की जांच कर नियमानुसार नाम विलोपन की प्रक्रिया शुरू की जाए। इसके अलावा आधार और मोबाइल नंबर सीडिंग भी शत-प्रतिशत पूर्ण कराने का आदेश दिया गया।
गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र में राशन डीलरों के स्टॉक सत्यापन के लिए जिला स्तरीय टीम गठित कर सघन जांच के निर्देश दिए गए। कम वितरण वाले डीलरों की जांच कर कारणों का विश्लेषण करने और लाभुकों से सीधे संपर्क कर उन्हें जागरूक करने को कहा गया।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित डीलर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही नमक, चीनी सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण समय पर पूरा करने और गोदामों में सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

