Advertisements
Spread the love

चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में अवैध बालू के खिलाफ औचक अभियान, 38 हजार घनफीट बालू जब्त

Advertisements

गाम्हरिया संवाददाता- जगबंधु महतो

तिरूलडीह-सिरकाडीह घाटों पर औचक छापा-अवैध भंडारण पकड़ा, प्रशासन सख्त

सरायकेला : सरायकेला उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में अवैध बालू खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। जिला खनन विभाग एवं तिरूलडीह थाना प्रभारी के संयुक्त नेतृत्व में तिरूलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरूलडीह, सिरकाडीह, सापदा तथा सपारूम बालू घाटों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान सपारूम घाट के समीप अवैध रूप से भंडारित लगभग 38,000 घनफीट बालू खनिज को विधिवत जब्त किया गया। जब्त बालू के संबंध में नियमानुसार अग्रेत्तर विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच के क्रम में संबंधित घाटों पर तत्काल अवैध उत्खनन की गतिविधि नहीं पाई गई। हालांकि तिरूलडीह एवं सिरकाडीह बालू घाटों में वाहनों के टायर के निशान मिलने के बाद वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर संभावित अवैध परिवहन मार्गों पर विभिन्न स्थानों पर अवरोध गर्त (ट्रेंच) का निर्माण कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया है, ताकि भविष्य में अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण अथवा परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने संकेत दिया है कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी सतत रूप से जारी रहेगी।