Advertisements
Spread the love

गम्हरिया प्रखंड के सरकारी अनाज गोदाम में भीषण आग

Advertisements

आग बुझाने के दौरान एजीएम अभिषेक हाजरा झुलसे, लाखों का सरकारी अनाज जलकर राख

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

गम्हरिया (सरायकेला) । सरायकेला जिले के गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सरकारी अनाज गोदाम में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए मूल्य का सरकारी अनाज जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है, लेकिन घटनास्थल से मिले संदिग्ध सामानों ने आगजनी की साजिश की आशंका को बल दे दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे गोदाम से धुआं उठता देखा गया। इसकी जानकारी तत्काल अग्निशमन विभाग और जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे एजीएम अभिषेक हाजरा ने अपने सहयोगियों के साथ आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटों की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच), जमशेदपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

अग्निशमन अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक गोदाम का अधिकांश अनाज जलकर नष्ट हो चुका था।

घटनास्थल से टूटा ताला, लाइटर, पेट्रोल का गैलन, ताबीज और गमछा जैसी वस्तुएं बरामद की गई हैं। साथ ही सीसीटीवी कैमरा और गोदाम का मुख्य द्वार भी क्षतिग्रस्त पाया गया। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने आशंका जताई है कि यह आग असामाजिक तत्वों द्वारा साजिशन लगाई गई प्रतीत होती है।

फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। घटना ने प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नुकसान का आकलन और आग की वास्तविक वजह का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है।