Spread the love

A SPECIAL DANCE FORM “SERAIKELLA CHHAU”: “MAN BEHIND MASK”

Advertisements

सौ साल पहले सरायकेला के प्रसन्न कुमार महापात्र ने छऊ नृत्य के लिये बनाया था मुखौटा; महापात्र परिवार की तीसरी पीढ़ी कर रही है मुखौटा निर्माण…

मुखौटे से मिली सरायकेला छऊ को अंतरराष्ट्रीय पहचान ।
सरायकेला व मानभूम शैली छऊ नृत्य में होता मुखौटा का उपयोग।

सरायकेला (संजय मिश्रा ) : सरायकेला को अंतराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति दिलाने में सरायकेला की विशिष्ट नृत्य कला “छऊ” की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अपनी उत्कृष्ट कला शैली के कारण सरायकेला के जीवन में रंग डालने वाले छऊ ने न सिर्फ गांव की देहरी लांघी है बल्कि इसने अपने प्रांत व देश के सरहदों के पार विभिन्न भाषा कला-संस्कृति, नृत्य एवं विचार वाले लोगों को भी प्रभावित किया है। छऊ में मुखौटा का इस्तेमाल के बाद इसे अंतराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति मिली। या यू कहें कि आधुनिक मुखौटे से ही सरायकेला शैली के छऊ को एक अलग पहचान मिली। विश्व प्रसिद्ध छऊ नृत्य की चार शैलीयों में महत्वपूर्ण शैली सरायकेला व मानभूम शैली के छऊ नृत्य में मुखौटे का प्रयोग होता है। जबकि खरसावां व मयुरभंज शैली में मुखौटा का उपयोग नहीं होता है। छऊ का मुखौटा बनाना काफी मेहनत और बारीकी का काम होता है। मानभूम व सरायकेला शैली की छऊ नृत्य में नर्तक के नृत्य मुखौटे के सहारे नृत्य के चरित्र में समाहित हो कर उसी अंदाज में नृत्य करता है।

बताया जाता है कि लगभग 1916 के साल में स्वर्गीय चंद्र मोहन महापात्र द्वारा मिट्टी से मुखौटा बनाने की शुरुआत की गई थी। जिसके बाद प्रसन्न कुमार महापात्र ने इस शैली छऊ नृत्य के लिये मुखौटा तैयार किया था। सरायकेला छऊ में मुखौटा को शामिल करने के बाद इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति मिली। सरायकेला शैली में फिलहाल कई कलाकार मुखौटा तैयार करते है। मुखौटा रंग डालते समय नृत्य के चरित्र पर ध्यान दिया जाता है। इसी के अनुरुप ही मुखौटा तैयार होता है। मुखौटा के शास्त्रीय व मार्गी रुप का भी ध्यान रखा जाता है।

मुखौटा के रंगाई के पश्चात चरित्र के अनुरुप ही मुकुट गहना आदि से सजाया जाता है। एक मुखौटा तैयार करने में आठ से दस दिन का समय लग जाता है। मुखौटा पर शोध करने के लिये हर वर्ष विदेशों से सैलानी भी आते है। मुखौटा पहन कर नृत्य करने के लिये भी महीनों अभ्यास करना होता है, तभी नर्तक मुखौटा पहन कर नृत्य कर सकता है। मुखौटा के बगैर विश्व प्रसिद्ध मानभूम व सरायकेला शैली के छऊ नृत्य की कल्पना तक नहीं की जा सकती है।

सुशांत महापात्र आठ साल की उम्र से ही कर रहे हैं मुखौटा का निर्माण:-

सरायकेला के प्रथम मुखैटा निर्माता के प्रसन्न कुमार महापात्र के चचेरे बेटे सुशांत कुमार महापात्र आठ साल की उम्र से ही अपने बड़े पिताजी के साथ मुखौटा का निर्माण करना आरंभ किए थे। सुशांत कुमार महापात्र ने बताया कि उन्होंने आठ वर्ष की उम्र से ही अपने बड़े पिता के साथ सरायकेला शैली छऊ मुखौटा का निर्माण कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पहले जहां बांस की टोकरी एवं अन्य साधनों को मुखौटा के रुप में प्रयोग किया जाता था। उस दौरान 1925 में उनके बड़े पिता ने मिट्टी से आधुनिक मुखौटा तैयार किया। जिसे सरायकेला शैली में शामिल किया गया। इसके बाद से ही मुखौटा का निर्माण होने लगा।

जिसे स्थानीय भाषा में “मोहड़ा” कहा जाता है। गुरु महापात्र ने कहा कि पहले एवं आज में आसमान-जमीन का फर्क आया है। पहले जहां कलाकारों में समर्पण की भावना थी, आज उसमें थोड़ी सी कमी आई है। उन्होंने कहा कि मुखौटा निर्माण कला से भरण-पोषण संभव नहीं है। थोड़ी-बहुत आमदनी चैत्र पर्व के समय ग्रामीण क्षेत्र में छऊ नृत्य का आयोजन के दौरान मुखौटा की बिक्री होती है। गुरु महापात्र ने बताया कि विरासत में मिली इस कला को बचाए रखने की चाहत ने ही कला से जोड़े रखा है। भले ही आर्थिक परेशानी हो, परंतु कला को बचाना सबसे जरुरी है। आज महापात्र परिवार की तीसरी पीढ़ी के रूप में सुशांत कुमार महापात्र के पुत्र सुमित कुमार महापात्र बखूबी छऊ का मुखौटा गढ़ने का काम कर रहे हैं।

शिक्षा पर भारी रहा शौक:-
गुरु सुशांत कुमार महापात्र बताते हैं कि बचपन से ही मुखौटा बनाने के शौक के कारण वे इंटर तक ही पढ़ाई कर पाए। देश सहित विदेशों में डेनमार्क, वियतनाम, जापान और न्यूयॉर्क जैसे कई अन्य देशों में अपने मुखौटा निर्माण के हुनर का परचम लहरा चुके गुरु सुशांत कुमार महापात्र बताते हैं कि मुखौटा निर्माण कला से परिवार का भरण पोषण संभव नहीं है।

इस कला को संरक्षित रखने और विकसित करने के लिए उन्हें उनके बैंक अधिकारी से सेवानिवृत्ति हो चुके भाई प्रशांत कुमार महापात्र का भरपूर सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने बताया कि इस कला के संरक्षण और उत्थान के लिए वे जगन्नाथ आर्ट स्कूल का संचालन कर रहे हैं। जहां वर्तमान में प्रोजेक्ट के तहत 9 छात्रों को मुखौटा बनाने की शिक्षा दी जा रही है। बताते चलें कि गुरु सुशांत कुमार महापात्र को देश सहित विदेशी धरती पर भी विभिन्न मंचों से काफी सम्मान एवं पुरस्कार प्राप्त हो चुका है।

Advertisements

You missed