
दो थाना प्रभारियों का तबादला: बजरंग कुमार महतो बने ईचागढ़ थाना प्रभारी, सोनू कुमार को मिली चौका थाना की जिम्मेदारी

चांडिल : सरायकेला–खरसावां जिला के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने बड़ा फेरबदल करते हुए दो थाना प्रभारियों का तबादला किया है। इस निर्णय के तहत ईचागढ़ एवं चौका थाना में नए थाना प्रभारियों की तैनाती की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईचागढ़ थाना प्रभारी विक्रमादित्य पांडे को लाइन क्लोज कर दिया गया है। उनकी जगह बजरंग कुमार महतो को ईचागढ़ थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं सोनू कुमार को चौका थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो शीघ्र ही पदभार ग्रहण करेंगे। नए नियुक्त अधिकारियों ने कहा कि वे कानून-व्यवस्था को बनाए रखने और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि आम जनता की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति बहाली के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य करेगा तथा हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में हुए इस अचानक प्रशासनिक बदलाव को पुलिस की कार्यशैली को और प्रभावी व परिणाममुखी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।

