
बहरागोड़ा: हाथी के हमले से साल पत्ता तोड़ने गई 42 वर्षीय महिला की हुई मौत, विधायक ने दिया वन विभाग से स्वीकृत 50,000 रूपया मुआवजा राशि
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
बहरागोड़ा प्रखंड के मुटूरखाम पंचायत स्थित मुटूरखाम गांव निवासी 42 वर्षीय महिला बुधनी सोरेन की बुधवार की सुबह हाथी के हमले से उसकी मौत हो गई. घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार बुधनी सोरेन जाहेरथान के पास जंगल में दो अन्य महिलाओं के साथ साल का पत्ता तोड़ने गई थी. इसी दौरान एक हाथी ने बुधनी सोरेन पर हमला कर दिया और पटक कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. दो अन्य महिलाओं ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई. सूचना पाकर महिला के परिजन वहां पहुंचे और गंभीर हालत में उसे एक टेंपो से बहरागोड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए लाया. जहां चिकित्सकों ने महिला की जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पाकर विधायक समीर महंती हॉस्पिटल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और हाथी के हमले से मृतक बुधनी सोरेन के पति गोलू सोरेन को विधायक ने वन विभाग से स्वीकृत 50,000 रूपया मुआवजा राशि का वितरण किया. विधायक ने पीड़ित परिजनों से कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है. हाथियों के आक्रामक तेवर पर अंकुश लगाने को लेकर हम लगातार प्रयास कर रहे हैं. हाथियों के हमले से मारे गए परिवार का दुख हम सभी को है. उन्होंने कहा हम वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस योजनाएं तैयार करेंगे.

इस मौके पर फॉरेस्टर कल्याण महतो, प्रखंड स्वास्थ्य पदाधिकारी उत्पल मुर्मू, प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, सुमित माईती, पप्पू राउत, मिथुन कर, जादूपति राणा आदि उपस्थित थे.

