
विधायक संजीव सरदार की ऐतिहासिक पहल: 12 करोड़ की लागत से कुलियाना घाट में बनेगा पूल

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर(पोटका) । पोटका के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। पोटका प्रखंड अंतर्गत आसनबनी पंचायत के तिलामुड़ा मौजा स्थित स्वर्णरेखा नदी के कुलियाना घाट पर ग्रामीणों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के अंतर्गत पुल निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास शुक्रवार को पोटका विधायक संजीव सरदार द्वारा पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ।
यह पुल क्षेत्र की बहुउद्देशीय आवश्यकताओं को पूरा करेगा और स्थानीय जनता को जमशेदपुर, घाटशिला और पश्चिम बंगाल आने-जाने में अत्यधिक सुगमता प्रदान करेगा। आने वाले समय में यह मार्ग पूरे क्षेत्र के विकास की नई राह बनेगा।
“यह पुल विकसित पोटका की नींव, स्वास्थ्य–रोज़गार–शिक्षा की राह आसान होगी” — संजीव सरदार
विधायक संजीव सरदार ने कहा,
“हेमंत सोरेन सरकार में ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं। वर्षों से लंबित यह पुल अब बनने जा रहा है। इसके बन जाने से पोटका से एनएच-33 की दूरी मात्र कुछ मिनटों की रह जाएगी। पोटका और घाटशिला प्रखंड सीधे जुड़ जाएंगे और लाखों लोगों को लाभ पहुंचेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि पहले स्थानीय निवासियों को गलूडीह होकर लगभग 100 किमी का लंबा चक्कर लगाना पड़ता था, लेकिन अब यह दूरी काफी कम हो जाएगी। राजनगर, आदित्यपुर, टेल्को, पोटका सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ सुनिश्चित होगा।
“यह पुल विकसित पोटका की मजबूत नींव है। इसके बन जाने से स्वास्थ्य, रोज़गार और शिक्षा तक पहुँच आसान होगी,” उन्होंने कहा।
12 करोड़ की लागत, 230 मीटर लंबा पुल — 16 माह में निर्माण पूरा
स्वर्णरेखा नदी पर बन रहा यह पुल 230 मीटर लंबा होगा। इसकी लागत 12 करोड़ रुपये है।
मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के अंतर्गत इसका निर्माण सत्यम कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा 16 माह में पूरा किया जाएगा।
2 दर्जन से अधिक गांवों को मिलेगा सीधा फायदा
इस पुल के निर्माण से पोटका प्रखंड के कई गांव सीधे NH-33 से जुड़ जाएंगे, साथ ही उड़ीसा और पश्चिम बंगाल से संपर्क और आसान होगा।
लाभान्वित गांव (पोटका क्षेत्र)
तिलमुड़ा, चातरो, आसनबनी, बीरग्राम, दोड़कासाईं, बनगोड़ा, कुलडीहा आदि।
लाभान्वित गांव (घाटशिला क्षेत्र)
कुलियाना, बीरीगोड़ा, पैरागुड़ी, दारीसाई, बड़ा खुर्सी, आमचूड़िया आदि को जमशेदपुर से आसान कनेक्टिविटी मिलेगी।
ग्रामीणों की भारी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य रूप से झामुमो पोटका प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, झारखंड आंदोलनकारी सुनील महतो, पूर्व जिला परिषद सदस्य चन्द्रावती महतो, हितेश भगत, चक्रधर महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

