
विधायक सविता महतो ने हाथी प्रभावितों को बांटे मुआवजे के चेक, किसानों के खातों में भेजे गए 60 लाख रुपये

चाण्ड़िल : नीमडीह फॉरेस्ट गेस्ट हाउस परिसर में शनिवार को वन विभाग की ओर से मुआवजा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक सविता महतो ने जंगली हाथी द्वारा क्षतिग्रस्त मकानों के 30 पीड़ित परिवारों के बीच मुआवजा राशि के चेक वितरित किए। कुकड़ू, नीमडीह और ईचागढ़ प्रखंड के इन 30 मकान मालिकों को कुल लगभग 40 लाख रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की गई।
इसके अलावा ईचागढ़, चांडिल, नीमडीह एवं कुकड़ू प्रखंड के 300 किसानों की फसल हाथी द्वारा क्षतिग्रस्त होने पर कुल 60 लाख रुपये की मुआवजा राशि सीधे उनके बैंक खातों में ऑनलाइन भेजी गई। इस प्रकार वन विभाग द्वारा लगभग एक करोड़ रुपये के मुआवजे का वितरण किया गया।
इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि राज्य सरकार वन्यजीवों से प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और जंगली हाथियों द्वारा मकान एवं फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा का प्रावधान सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में प्रभावित परिवारों को पारदर्शी तरीके से चेक एवं ऑनलाइन माध्यम से मुआवजा भुगतान किया जा रहा है।
विधायक ने ग्रामीणों से वन्यजीव संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि हाथी जैसे जंगली जानवर हमारे प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनके संरक्षण के साथ-साथ मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में रेंजर शशि प्रकाश रंजन, राधा रमण ठाकुर, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, मंगल मांझी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं लाभुक उपस्थित थे।
Related posts:

