
रतन टाटा की जयंती पर शिक्षा की नई पहल,
गम्हरिया के सरकारी स्कूल में 20 बच्चों को मिलेगी निःशुल्क नवोदय की तैयारी

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
गम्हरिया । सरायकेला जिला के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत छोटा गम्हरिया पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय गम्हरिया में देश के महान उद्योगपति एवं समाजसेवी स्वर्गीय रतन टाटा की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर टीजीएस (TGS) के कर्मचारियों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय और अनोखी पहल की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में घोषणा की गई कि प्राथमिक विद्यालय के 20 चयनित बच्चों को निःशुल्क नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी। इसके साथ ही इन बच्चों को नवोदय की 20 उपयोगी पुस्तकें भी वितरित की गईं। यह पहल खासकर सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले उन बच्चों और अभिभावकों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है, जिनका लक्ष्य नवोदय विद्यालय में नामांकन होता है।
इस अवसर पर टिस्को मजदूर यूनियन के अध्यक्ष श्री राकेश्वर पांडे ने कहा कि टीजीएस के कर्मचारी बच्चों और उनके अभिभावकों के सपनों को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
वहीं इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग हेड पंचम टांक ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, उनमें प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर देने की आवश्यकता है।
टीजीएस मशीन शॉप हेड अमित राय ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की और नवोदय विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर अभिभावकों के साथ विस्तृत चर्चा भी की।
कार्यक्रम में बिजेश यतीन्द्रन, पंचायत की उपमुखिया रेणुका महतो, पंचायत समिति सदस्य विकास, समाजसेवी माधव महतो, दिनेश उपाध्याय, विद्यालय के प्रधानाध्यापक लखनलाल महतो, शिक्षिका रीना महतो सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं टीजीएस के कर्मचारी उपस्थित रहे।
रतन टाटा की जयंती पर शिक्षा के क्षेत्र में शुरू की गई यह पहल न सिर्फ बच्चों के भविष्य को संवारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रेरक उदाहरण है।

